राष्ट्रपति जो बाइडेन और पीएम नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को एक द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे. व्हाइट हाउस की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई है दरअसल, व्हाइट हाउस में 24 सितंबर को क्वाड समूह देशों के नेताओं की पहली व्यक्तिगत मुलाकात होने वाली है. इस मुलाकात के बाद ही व्हाइट हाउस में QUAD नेताओं की बैठक होगी, जिसमें अफगानिस्तान, इंडो-पैसिफिक, कोविड -19 महामारी और जलवाायु संकट जैसे संवेदनशील मामलों पर बात की जाएगी.
ये पहली बार होगा जब राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में क्वाड लीडर्स समिट की मेजबानी करेंगे. जानकारी के अनुसार पीएम मोदी सबसे पहले 23 सितंबर को अपने व्यापक रणनीतिक साझेदार जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे. जापानी प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ, पीएम मोदी एक खुले, मुक्त, समृद्ध और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा उद्देश्य को आगे बढ़ाएंगे क्योंकि भारत विभिन्न पहलों के माध्यम से अपनी भागीदारी बढ़ा रहा है.
पहले कमला हैरिस से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे पीएम मोदी
आपको बता दें कि 24 सितंबर को, पीएम मोदी पहले अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और उसके बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ व्यक्तिगत रूप से पहली बातचीत होगी. इसके बाद क्वाड समिट शुरू किया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सम्मेलन में होने वाले सभी कार्यक्रम व्हाइट हाउस में होंगे.
जिस तरह पीएम मोदी तीनों क्वाड पार्टनर्स के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, उसी तरह अन्य नेताओं के भी शिखर सम्मेलन में शामिल होने से पहले द्विपक्षीय बैठकें करने की उम्मीद है. इसके साथ आपको यह भी बता दें की विदेश मंत्री एस जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने और QUAD समिट की आधारशिला तैयार करने के लिए 20 सितंबर को अमेरिका पहुंचेंगे.
क्वाड विदेश मंत्रियों के बीच कोई बैठक निर्धारित नहीं है. QUAD भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच अनौपचारिक रणनीतिक बातचीत का मंच है. इसका उद्देश्य इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और समन्वय स्थापित करना है. इसी वर्ष चारों देशों के नेता 12 मार्च को वर्चुअल माध्यम से आयोजित QUAD के पहले शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे.


Download Android App
Download iOS App



