जो बाइडन ब्रिटिश प्रधानमंत्री को हाथ से बनी साइकिल उपहार में देंगे

Summary :

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस सप्ताहांत कॉर्नवेल में जी-7 शिखर सम्मेलन से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से व्यक्तिगत मुलाकात में उन्हें उपहार देने के लिए पसंदीदा हाथ से बनाया हुआ साइकिल चुना है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस सप्ताहांत कॉर्नवेल में जी-7 शिखर सम्मेलन से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से व्यक्तिगत मुलाकात में उन्हें उपहार देने के लिए पसंदीदा हाथ से बनाया हुआ साइकिल चुना है। इस साइकिल का निर्माण अमेरिकी शहर फिलाडेलफिया की एक छोटी कंपनी ने किया है। लाल, सफेद और नीले रंग की इस साइकिल को बनाने का काम कंपनी को कुछ दिन पहले ही दिया गया था। इसे बनाने में आम तौर पर कुछ महीने लग जाते हैं।
जॉनसन को साइकिल चलाना काफी पसंद है और अक्सर लंदन की सड़कों पर साइकिल चलाते उनकी तस्वीर सामने आती रहती है। बाइडन भी नियमित रूप से साइकिल चलाते हैं और वह पेलोटोन के साथ इनडोर साइकिलिंग के प्रशंसक हैं। बाइडन जो साइकिल उपहार में दे रहे हैं उसे बिलेंकी साइकल वर्क्स ने तैयार किया है।
‘फिलाडेलफिया इनक्वायरर’ की खबर के अनुसार चार लोगों की यह कंपनी आमतौर पर एक साइकिल को बनाने में 18 महीने का समय लेती है। कंपनी के मालिक स्टीफन बिलेंकी से अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने 23 मई को साइकिल और उससे मिलते जुलते हेलमेट के डिजाइन के सिलसिले में संपर्क किया था। खबर के अनुसार इसका बजट 1,500 अमेरिकी डॉलर था जो कंपनी के न्यूतम दर का एक तिहाई था। बिलेंकी ने अखबार को बताया कि उन्होंने कंपनी की पहचान बढ़ाने के इरादे से यह ऑर्डर स्वीकार कर लिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए जॉनसन ने अमेरिका में गुलामी प्रथा के विरोधी फ्रेडरिक डगलस को दर्शाते भित्ती चित्र की फ्रेम की हुई तस्वीर को चुना है। पूर्व में गुलाम रहे डगलस 19वीं शताब्दी में गुलामी प्रथा उन्मूलन आंदोलन के अगुवा बने थे। उनकी यह तस्वीर एडिनबर्ग भित्ती चित्र का हिस्सा है।
अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन को कॉर्नवेल के इंग्लिश लेखक डाफने दू मॉरियर का पहला संस्करण ‘द एप्पल ट्री’ उपहार में मिला है और कैरी जॉनसन को सैनिकों की पत्नियों द्वारा निर्मित लेदर टोट बैग और प्रेसिडेंशियल सिल्क स्कार्फ मिला है।

Desk Team