अमेरिका के एक सांसद ने कोविड-19 संकट से निपटने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की और विश्वास जताया कि भारतीय इस चुनौती से पार पा लेंगे। सांसद जो विल्सन ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच एक विशेष साझेदारी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों की भारत को आपूर्ति करने के कांग्रेस के प्रयासों का समर्थन करके वह कृतज्ञ महसूस कर रहे हैं।
विल्सन ने कहा, ‘‘ वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से प्रभावित भारत के लोगों के साथ हमारी सहानुभूति है। इस पीड़ादायक संकट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की मैं सराहना करता हूं।’’उन्होंने कहा, ‘‘भारत के एक दोस्त के तौर पर और ‘हाउस कॉकस ऑन इंडिया एंड इंडियन अमेरिकन्स’ के एक सदस्य के नाते इस समय भारत के लोगों के साथ मेरी सहानुभूति है और मुझे विश्वास है कि भारतीय इस चुनौती से पार पा लेंगे।’’ सांसद ने एक बयान में कहा कि ऐसे समय जब भारत के लोगों को मदद की जरूरत है तो इस समय मदद करने वालों को पहचानना जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं ‘इंडियन-अमेरिकन इंटरनेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स’ का आभारी हूं, जिसका नेतृत्व सीईओ एवं अध्यक्ष केवी कुमार करते हैं। भारत में जारी संकट के मद्देनजर आईएआईसीसी ने डॉ. नरसिम्हुलु नीलगरु, राजदूत तरनजीत सिंह संधू और महावाणिज्य दूत डॉ. स्वाति कुलकर्णी तथा अमित कुमार के साथ मिलकर वैश्विक महामारी से निपटने में भारत की मदद के लिए एक विशेष कार्यबल की स्थापना की है।’’विल्सन ने बताया कि इसके सफल प्रयासों से भारतीय परिवारों के लिए चिकित्सा उपकरणों और अन्य आपूर्ति के लिए 20 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक राशि एकत्रित की गई है।


Download Android App
Download iOS App



