मुंबई आतंकवादी हमलों का मास्टरमाइंड और पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद को लाहौर से गिरफ्तार कर लिया गया है। हाफिज सईद लाहौर से गुजरांवाला जाते वक्त गिरफ्तार किया गया। सईद के साथ उसके तीन सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीटीडी ने हाफिज़ सईद समेत जमात-उद-दावा के 13 नेताओं के खिलाफ 23 मामले दर्ज किए थे। जानकारी के लिए बता दें कि सईद और उसके तीन सहयोगियों को पाकिस्तान में आतंक रोधी एक कोर्ट ने हाल ही में अपने मदरसे के लिए जमीन के अवैध इस्तेमाल से जुड़े मामले में 3 अगस्त तक अग्रिम जमानत दी थी।

लाहौर में आतंक रोधी अदालत (एटीसी), ने सईद और उसके सहयोगियों- हाफिज मसूद, अमीर हमजा और मलिक जफर को 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर तीन अगस्त तक अंतरिम जमानत दी थी। सुनवाई के दौरान, आरोपी के कानूनी वकील ने अदालत से जमानत की याचिका स्वीकार करने का आग्रह करते हुए कहा कि जमात-उद-दावा भूमि के किसी भी टुकड़े का अवैध रूप से उपयोग नहीं कर रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार पाकिस्तान ने यह कार्रवाई अपने हवाई क्षेत्र से को सभी नागरिक यातायात को खोल दिए जाने की घोषणा के एक दिन बाद और अमेरिका के साथ अपने संबंधों में सुधार के प्रयासों के तहत प्रधानमंत्री इमरान खान की अमेरिका यात्रा से पहले की है। इमरान सरकार पर हाफिज के खिलाफ कार्रवाई को लेकर फाइनेंसियल एक्शन टॉस्क फोर्स का काफी दबाव था।
अमेरिका के वित्त विभाग ने सईद को आतंकवादी सूची में डाल रखा है और अमेरिका ने 2012 से ही सईद को सजा दिलाने के लिए सूचना देने के वास्ते एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के दबाव में पाकिस्तानी अधिकारियों ने जेयूडी और लश्कर-ए-तैयबा के ठिकानों और आतंकवाद के वित्त पोषण के वास्ते निधि जुटाने के लिए ट्रस्टों के इस्तेमाल के मामलों की जांच शुरू की है।


Download Android App
Download iOS App


