मेक्सिको में ईंधन पाइपलाइन में आग लगने से 20 की मौत, 54 घायल

Summary :

मेक्सिको में ईंधन पाइपलाइन में भीषण आग लगने से 20 लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 54 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन में रिसाव हो रहा था।

मध्य मेक्सिको में ईंधन के एक पाइपलाइन में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य 54 लोग घायल हो गए। यह जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन में रिसाव हो रहा था। हिडाल्गो के गवर्नर उमर फयाद ने बताया कि स्थानीय लोग पाइपलाइन से हो रहे रिसाव वाले स्थान पर तेल चुराने के लिए जमा थे तभी आग लग गई, जिससे करीब 20 लोगों की जलकर मौत हो गई।

फयाद ने कहा, ”मुझे बताया गया है कि 20 लोगों की जलकर मौत हो गई और अन्य 54 लोगों का इलाज जारी है।” स्थानीय मीडिया के अनुसार, सैकड़ों लोग बाल्टियों और डिब्बों में ईंधन इकट्ठा कर भाग रहे थे। फयाद ने कहा, ”हमे पता चला है कि यहां से ईंधन चुराया जाता था और आग लगने के बाद अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली।”

fire_maxico

गवर्नर ने बताया कि दमकल विभाग के संघीय तथा सरकारी कर्मी और सरकारी ईंधन कंपनी ‘पेमेक्स’ की एंबुलेंस पीड़ितों की सहायता करने मौके पर पहुंची। हादसा ऐसे समय हुआ है जब मेक्सिको के राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुएल लोपेज ईंधन चोरी को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करने की योजना बना रहे हैं। पेमेक्स पाइपलाइनों से ईंधन की चोरी से मेक्सिको को 2017 में तीन अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।

Desk Team