इराक की राजधानी बगदाद के ग्रीन जोन इलाके में दो मोर्टार बम गिरे और अमेरिकी सैनिकों के ठिकाने पर दो रॉकेट शनिवार को आ कर गिरे।
यह हमला भीषण अमेरिकी हमले के एक दिन बाद हुआ है।
सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि बगदाद में शनिवार शाम मोर्टार के गोले ग्रीन जोन में आ कर गिरे। यह उच्च सुरक्षा वाला वह स्थान है जहां अमेरिकी दूतावास स्थित है।
इराकी सेना ने कहा कि एक प्रक्षेपास्त्र जोन के अंदर जा कर गिरा वहीं दूसरा उसके समीप गिरा।
सूत्रों ने ‘एएफपी’ को बताया कि हमले के बाद सायरन बजने लगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद दो कतयूशा रॉकेट बगदाद के उत्तर में बालाद एयरबेस पर गिरे। यहां अमेरिकी सैनिक रहते हैं।
आपको बता दे कि इससे पहले अमेरिकी हमले में शीर्ष ईरानी एवं इराकी कमांडरों की मौत के बाद हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने इराक में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से शुक्रवार को ‘‘जल्द से जल्द देश छोड़ने’’ के लिए कहा है।
दूतावास ने एक बयान में कहा, ‘‘संभव हो तो अमेरिकी नागरिक विमान के जरिए देश छोड़कर चले जाएं, नहीं तो वे भूमार्ग से अन्य देशों से होते हुए भी जा सकते हैं।’’
शुक्रवार तड़के बगदाद एयरपोर्ट के बाहर अमेरिका ने हमला किया और सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि हमले की आशंका अब भी बनी हुई है। दरअसल, अमेरिका ने शुक्रवार सुबह बगदाद के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई हमला किया, जिसमें ईरान के शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत हो गई है। इस नाटकीय घटनाक्रम ने दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा दिया है। इससे कुछ ही दिन पहले ईरान समर्थक भीड़ ने इराक में अमेरिकी दूतावास की घेरेबंदी की थी।


Download Android App
Download iOS App



