पाकिस्तान के सियालकोट में भीड़ द्वारा एक श्रीलंकाई नागरिक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। भीड ने व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसके शव को भी जला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल को इलाके में भेजा गया। सियालकोट जिले के पुलिस अधिकारी उमर सईद मलिक ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि, मारे गए व्यक्ति की पहचान श्रीलंका के नगारिक के रूप में हुई है जिसका नाम प्रियंता कुमारा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि, यह घटना सियालकोट के वजीराबाद रोड पर हुई, जहां कथित तौर पर निजी कारखानों के श्रमिकों ने एक कारखाने के निर्यात प्रबंधक पर हमला किया और उसकी हत्या कर उसके शव को जला दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल है वीडियो
घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की गई है जिसमें सैकड़ों पुरुष और युवा लड़के साइट पर एकत्र हुए दिखाई दे रहे हैं। पाकिस्तान के पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने हत्या का संज्ञान लेते हुए इसे बहुत दुखद घटना करार दिया, जबकि सियालकोट पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि, प्रारंभिक जांच के बाद विवरण मीडिया के साथ साझा किया जाएगा। सियालकोट के बुजदार ने पुलिस महानिरीक्षक से रिपोर्ट तलब की है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने की जांच की मांग
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री ने कहा कि, घटना के हर पहलू की जांच की जानी चाहिए और एक रिपोर्ट पेश की जानी चाहिए तथा कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इससे पहले 2010 में भी सियालकोट में इसी तरह की एक घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया था, जब गुस्साई भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में दो भाइयों को डकैत घोषित कर पीट-पीट कर मार डाला था।


Download Android App
Download iOS App



