अफगानिस्तान : सुरक्षाबलों ने 20 से अधिक आतंकवादियों का किया खात्मा, कई अन्य घायल

Summary :

अफगानिस्तान के तीन प्रांतों में सुरक्षाबलों द्वारा की गई कार्रवाई में 20 से अधिक आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया और कई अन्य घायल हो गए।

अफगानिस्तान में तालिबानियों का आतंक जारी है। कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में कथित तौर पर 100 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं तीन प्रांतों में सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाई में 20 से अधिक आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया और कई अन्य घायल हो गए।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारी फवाद अमन ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि कमांडो बलों ने गुरुवार रात कोंदुज प्रांतीय केंद्र के बाहरी इलाके में एक अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान आतंकवादी संगठन तालिबान के एक वरिष्ठ कमांडर सहित सात आतंकवादी मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए।


उन्होंने बताया कि कपीसा प्रांत के नेजराब जिले में चलाए गए दूसरे अभियान में वायु सेना ने तालिबानियों को निशाना बनाया। हवाई हमले के परिणामस्वरूप 10 आतंकवादी मारे गए और उनके हथियार और गोला-बारूद नष्ट हो गए। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने हेरात प्रांत के करोख जिले को कल तालिबानियों के कब्जे से मुक्त कराया। 

फवाद अमन ने बताया कि इसके लिए चलाए गए आक्रामक अभियान में दसियों आतंकवादी हताहत हुए हालांकि उनकी सही संख्या का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि हेरात में आतंकवादियों के खात्मे के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और प्रांत को जल्द ही तालिबानियों के कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया जाएगा।

Desk Team