सरकार द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान करने की गारंटी के बाद श्रीलंका में नगरपालिका चुनाव होंगे। श्रीलंका के चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा कि नकदी की कमी से जूझ रहे देश में नगर निकाय चुनावों की नयी तारीख की घोषणा इस लोकतांत्रिक कवायद के लिए वित्त मंत्रालय से धन प्राप्त होने की गारंटी मिलने के बाद की जाएगी। स्थानीय निकायों के लिए नौ मार्च को होने वाले चुनाव का कार्यक्रम देश के मौजूदा आर्थिक संकट सहित कई कारणों के चलते टाल दिया गया है। चुनाव आयोग के प्रमुख निमल पुंचीहेवा ने सोमवार को कहा, ‘‘हमने वित्त मंत्रालय में राजकोषीय सचिव, पुलिस महानिरीक्षक और सरकारी मुद्रक से बैठक करने को कहा है।’’
2023 के बजटीय आवंटन को जारी करने का आदेश दिया
चुनाव कराने के लिए आवश्यक रकम पर वित्त मंत्रालय से गारंटी मिलने के बाद नयी तारीख की घोषणा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते देश के उच्चतम न्यायालय ने वित्त मंत्रालय में राजकोषीय सचिव को 340 स्थानीय परिषदों के चुनाव कराने के लिए 2023 के बजटीय आवंटन को जारी करने का आदेश दिया था।
आर्थिक संकट के कारण पिछले साल से लंबित है
स्थानीय परिषदों के नये प्रशासकों को नियुक्त करने के लिए चुनाव मौजूदा आर्थिक संकट के कारण पिछले साल से लंबित है। गौरतलब है कि नौ मार्च को होने वाला चुनाव और 22,23 एवं 24 फरवरी को निर्धारित डाक मतदान नहीं हुआ, क्योंकि सरकारी मुद्रक डाक मतदान के लिए मतपत्र की छपाई करने में सक्षम नहीं था।


Download Android App
Download iOS App



