नेपाली कांग्रेस के नेता नारायण प्रसाद सऊद ने रविवार को नेपाल के नए विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने यहां राष्ट्रपति भवन में नवनियुक्त विदेश मंत्री को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विदेश मंत्री सऊद की नियुक्ति अगले महीने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ की प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले हुई है। विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है।
यात्रा की तिथि और कार्यक्रम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सऊद को विदेश मंत्री नियुक्त किए जाने पर बधाई दी।
जयशंकर ने ट्वीट किया, “हमारी बहुआयामी साझेदारी को मजबूत बनाने को लेकर मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। नयी भूमिका के लिए आपको शुभकामनाएं।”
पिछले सप्ताह सत्तारूढ़ गठबंधन की एक बैठक के दौरान सऊद को विदेश मंत्री बनाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में सीपीएन (माओवादी सेंटर) के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री प्रचंड, नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा और सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट के अध्यक्ष माधव कुमार नेपाल ने भाग लिया था।
सऊद (60) नेपाली कांग्रेस की केंद्रीय समिति के सदस्य भी हैं। वह सुदूर-पश्चिमी नेपाल के निर्वाचन क्षेत्र कंचन से प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं। वह पहले शिक्षा और खेल राज्य मंत्री और सिंचाई मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं।
प्रचंड के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में नेपाली कांग्रेस पार्टी के चार मंत्री है, हालांकि नेपाली कांग्रेस को आठ मंत्री पद देने की सहमति बनी थी।
प्रतिनिधि सभा में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस आंतरिक कलह के कारण शेष चार मंत्रियों के नाम पर फैसला नहीं कर सकी है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री प्रचंड ने अपनी प्रस्तावित भारत यात्रा के मद्देनजर सऊद को विदेश मंत्री नियुक्त करने का फैसला किया है।
नेपाली कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री प्रचंड दो सप्ताह के भीतर भारत दौरे पर जाएंगे।
इस बीच, सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट के नंदा चौपाई ने राष्ट्रपति भवन में समारोह के दौरान बुनियादी ढांचा एवं परिवहन राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।


Download Android App
Download iOS App



