थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे सोमवार को बांग्लादेश में बहुपक्षीय आतंकवाद रोधी अभ्यास के समापन समारोह में शामिल हुए और उन्होंने इस अभ्यास में भागीदारी करने वाले भारतीय सैनिकों की सराहना की।
भारतीय सेना के अतिरिक्त जनसूचना महानिदेशालय (एडीजी पीआई) ने ट्वीट किया, ‘‘जनरल एम एम नरवणे बहुपक्षीय अभ्यास ‘शांतिर ओग्रोसेना 2021’ में शामिल हुए और अभ्यास में भागीदारी करने वाले सैनिकों को संबोधित किया।’’
इसने एक अन्य ट्वीट में कहा कि नरवणे ने ‘शांतिर ओग्रोसेना’ (शांति के अग्रदूत सैनिक) 2021 अभ्यास में शामिल भारतीय सैनिकों से बात भी की और प्रशिक्षण तथा पेशेवर कौशल के उनके उच्च मानकों की सराहना की।
अभ्यास में भारतीय सेना के 30 कर्मी शामिल हुए। एडीजी पीआई ने कहा कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समारोह की मुख्य अतिथि थीं। चार अप्रैल से शुरू हुए अभ्यास में भारत, बांग्लादेश, भूटान और श्रीलंका के सैनिकों ने भाग लिया, जबकि अमेरिका, ब्रिटेन, तुर्की, कुवैत, सिंगापुर और सऊदी अरब के सैन्य सदस्य इसमें पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए।
जनरल नरवणे ने बृहस्पतिवार से शुरू हुई बांग्लादेश की पांच दिन की अपनी यात्रा के अंतिम दिन इस अभ्यास के समापन समारोह में शिरकत की।


Download Android App
Download iOS App



