पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आज सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) का निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। इस अवसर पर श्री शरीफ ने कहा कि पद से बार-बार हटाए जाने के बावजूद उनके समर्थक उन्हें हर दफा चुनते रहे हैं। श्री शरीफ ने इस्लामाबाद में कन्वेंशन सेंटर में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें अयोग्य ठहराए जाने की असल वजह से वाकिफ हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने इस अवसर पर अयोज्ञ ठहराए गए राजनीतिज्ञों को पार्टी में किसी पद पर आसीन होने से रोकने वाले कानून को रद्द कराने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति सेवानिवृत्त जनरल परवेज मुशर्रफ ने अयूब खान द्वारा शुरू किए गए इस कानून को बहाल किया था। उन्होंने कहा कि इस कानून को दोबारा उनके मुंह पर फेंकने के लिए वह लोगों का आभार व्यक्त करते हैं।
श्री शरीफ ने आय के स्रोत घोषित नहीं करने पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोग्य ठहराए जाने के बाद जुलाई में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें पार्टी अध्यक्ष पद से हटने के लिए भी विवश किया गया, हालांकि उन्होंने पार्टी की कमान अपने हाथ में रखी और अपने वफादार शाहिद खकान अब्बासी को प्रधानमंत्री बनाया। पांच सदस्यीय निर्वाचन दल के अध्यक्ष जफर इकबाल ने कहा कि श्री शरीफ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की केंद्रीय कार्यकारी समिति द्वारा निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख के रूप में श्री शरीफ का पुनर्निर्वाचन उन लोगों को गलत ठहराते हुए उन्हें राजनीतिक दायरे में वापस ले आया है, जिनका कहना था कि वह अब प्रासांगिक नहीं रह गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



