ब्रिटिश सेना के प्रमुख ने रविवार को कहा कि दुनिया इसका सही अनुमान नहीं लगा सकी कि तालिबान इतनी जल्दी अफगानिस्तान पर कब्जा कर लेगा। कुछ दिन पहले ही ब्रिटेन की सरकार ने माना था कि इस तरह की खुफिया जानकारी मिली हैं कि इस साल काबुल पर कब्जा होने के आसार नहीं हैं।
ब्रिटेन की सेना के प्रमुख, जनरल निक कार्टर ने बीबीसी से कहा, ‘‘इस रफ्तार ने हमें हैरान कर दिया और मुझे नहीं लगता कि हम ऐसा कुछ समझ पा रहे थे कि तालिबान ऐसा कर पाएगा।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या सैन्य खुफिया जानकारी गलत थी तो उन्होंने कहा कि सरकार को अनेक सूत्रों से गुप्त जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘यह विशुद्ध रूप से सेना की खुफिया जानकारी नहीं थी।’’
ब्रिटेन और अमेरिका के आखिरी सैनिकों ने एक सप्ताह पहले अफगानिस्तान छोड़ा था।
विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने पिछले सप्ताह सांसदों से कहा था कि खुफिया आकलन यह है कि अगस्त में सुरक्षा संबंधी हालात बिगड़ेंगे लेकिन इस साल काबुल पर कब्जा होने के आसार नहीं हैं। हालांकि तालिबान ने 15 अगस्त को काबुल पर नियंत्रण कर लिया और अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी को देश छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात जाना पड़ा।
यह आकलन गलत कैसे हुआ, इस सवाल के जवाब में निक ने कहा, ‘‘सीधा जवाब यही है कि सभी ने गलत अंदाज लगाया। तालिबान को भी उम्मीद नहीं थी कि इतनी तेजी से चीजें बदल जाएंगी।’’


Download Android App
Download iOS App


