शादी के बंधन में बंधी नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई, बर्मिंघम में हुआ निकाह

Summary :

नोबेल पुरस्कार विजेता और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली पाकिस्तानी कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई शादी के बंधन में बंध चुकी हैं।

नोबेल पुरस्कार विजेता और लड़कियों की शिक्षा के लिए आवाज उठाने वाली मलाला यूसुफजई ने शादी कर जिंदगी के एक नए सफर की शुरूआत कर ली है। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट के जरिए तस्वीरें साझा कर जानकारी दी। बर्मिंघम में मलाला ने परिवार की मौजूदगी में निकाह किया।
तस्वीरों के साथ मलाला ने कैप्शन में लिखा, ‘‘आज मेरी जिंदगी का बेहद अनमोल दिन है। मैं और असर जीवनभर के साथी बन गए हैं। हमने अपने परिवारों की मौजूदगी में बर्मिंघम में निकाह किया। हमें आशीर्वाद दीजिए। हम आगे का रास्ता साथ मिलकर तय करने के लिए उत्साहित हैं।’’


24 वर्षीय मलाला यूसुफजई लड़कियों की शिक्षा के लिए काफी काम कर चुकीं पाकिस्तानी कार्यकर्ता हैं। मलाला को लड़कियों की शिक्षा के लिए बिना किसी खौफ के आवाज उठाने के लिए स्वात घाटी में 2012 में तालिबानी आतंकवादियों ने उस वक्त गोलियां मारी थीं, जब वह स्कूल से घर लौट रही थीं। 

बेहतर इलाज के लिए यूसुफजई को इंग्लैंड के शहर बर्मिंघम लाया गया था। ठीक होने के बाद यूसुफजई ने फिर से स्कूल जाना शुरू किया और जून 2020 में उन्होंने ऑक्सफोर्ड से स्नातक किया। इस दौरान भी वह लड़कियों की शिक्षा और उनकी बेहतरी के लिए आवाज उठाती रहीं। यूसुफजई के विवाह की जानकारी मिलने पर लोग उन्हें बधाई और शुभकामना संदेश भेज रहे हैं।।

Desk Team