सोल : अमेरिका के दो सुपरसोनिक बमवर्षकों ने कोरियाई प्रायद्वीप के ऊपर अभ्यास किया।जिसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एशिया की पहली आधिकारिक यात्रा से पहले उत्तर कोरिया के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। दक्षिण कोरिया के एक सैन्य अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण कोरिया के पूर्वी तट के निकट एक क्षेत्र में गुरुवार को हुए अभ्यास के दौरान गुआम में एंडरसन वायुसेना अड्डे से बी-1बी बमवर्षकों को दक्षिण कोरियाई एफ-16 लडाकू जेट विमानों के साथ भेजा गया।
अधिकारी ने आधिकारिक नियमों का हवाला देते हुए नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि अभ्यास में जमीनी लक्ष्यों को निशाना बनाया गया। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने इस अभ्यास की निंदा की और इसे आकस्मिक परमाणु हमला अभ्यास बताया और कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद जैसे गैंगस्टर परमाणु युद्ध भड़काना चाहते हैं।
ट्रंप की एशिया यात्रा आज से शुरू, आतंकवाद का प्रायोजक घोषित हो सकता है उत्तर कोरिया
हाल के महीनों में उत्तर कोरिया ने अपना सबसे शक्तिशाली परमाणु परीक्षण करते हुए अमेरिकी भूभाग तक पहुंचने में सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया है। इसने शक्तिशाली मध्यम रेंज की नई मिसाइलों को जापान के ऊपर से उडाया और गुआम, अमेरिकी प्रशांत क्षेत्र एवं सैन्य प्रतिष्ठान को उडाने की धमकी भी दी। अमेरिका इसके जवाब में लगातार गश्त या अभ्यासों के लिये क्षेत्र तक अपने सामरिक संसाधनों को भेजता रहता है।
उत्तर कोरिया की आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने शुक्रवार को कहा था कि युद्ध भडका रहे अमेरिकी साम्राज्य को इतना उतावलापन नहीं दिखाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



