अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन के बीच राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले होने वाली दूसरी बहस आधिकारिक रूप से रद्द हो गई है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के बीच बहस संबंधी गैर दलीय आयोग ने शुक्रवार को पुष्टि की कि 15 अक्टूबर को होने वाली बहस रद्द की जाएगी। इससे पहले, आयोग ने घोषणा की थी कि ट्रम्प के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के कारण बहस ‘‘डिजिटल माध्यम’’ से होगी। इस घोषणा के एक दिन बाद बहस रद्द कर दी गई।
ट्रम्प ने डिजिटल माध्यम से बहस करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद बाइडेन ने उस दिन एबीसी न्यूज के साथ टाउन हाल कार्यक्रम तय किया था। बाद में राष्ट्रपति के चिकित्सक ने कहा था कि ट्रम्प को शनिवार से सार्वजनिक समारोहों में हिस्सा लेने की अनुमति होगी। इसके पश्चात, ट्रम्प की टीम ने निर्धारित समय के अनुसार ही आमने-सामने की बहस कराने की अपील की थी, लेकिन आयोग ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए कहा था कि वह आमने-सामने के बजाए डिजिटल माध्यम से बहस कराने का अपना फैसला नहीं बदलेगा। दोनों उम्मीदवारों के बीच तीसरी बहस टेनेसी के नाशविले में 22 अक्टूबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



