भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान ने उड़ने वाली भारतीय सुपर-सोनिक वस्तु द्वारा उसके हवाई क्षेत्र का कथित रूप से बिना उकसावे के उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। इस मामले में भारत के दूतावास प्रभारी को भी तलब किया है और इस घटना की विस्तृत एवं पारदर्शी जांच की मांग की है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने मध्यरात्रि के बाद जारी एक बयान में कहा कि भारतीय राजनयिक को गुरूवार रात को ‘‘उड़ने वाली भारतीय सुपर-सोनिक वस्तु’’ द्वारा उसके हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन के बारे में बताया गया।
असैन्य संपत्ति को पहुंचा नुकसान : पाक विदेश कार्यालय
पाक के विदेश कार्यालय ने कहा, यह वस्तु भारत में सूरतगढ़ (राजस्थान) से नौ मार्च को स्थानीय समयानुसार शाम छह बजकर 43 मिनट पर पाकिस्तान में घुसी थी। बाद में यह वस्तु पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के मियां चुन्नु शहर में उसी दिन शाम छह बजकर 50 मिनट पर जमीन पर गिरी, जिससे असैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचा। विदेश कार्यालय ने कहा, भारतीय राजनयिक को बताया गया कि इस उड़ने वाली इस वस्तु को अविवेकपूर्ण तरीके से छोड़े जाने से न केवल असैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचा बल्कि इससे मानवीय जीवन पर भी खतरा पैदा हुआ।
भारत ने अभी नहीं दी है कोई प्रतिक्रिया
विदेश कार्यालय ने कहा कि इससे पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में कई घरेलू/अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी खतरा पहुंचा और इसके चलते गंभीर विमान दुर्घटना हो सकती थी। इस मामले में अभी भारत ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पाकिस्तान ने भारत से इस घटना की विस्तृत एवं पारदर्शी जांच करने तथा उसके नतीजे अपने साथ साझा किए जाने को भी कहा है।


Download Android App
Download iOS App



