पाकिस्तान सिख श्रद्धालुओं को ‘ऑन अराइवल’ वीजा करेगा जारी : इमरान खान

Summary :

इमरान खान ने गवर्नर हाउस में एक सिख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपको बहु-प्रवेश वीजा जारी किए जाएंगे, यह हमारी जिम्मेदारी है। हम आपको हवाईअड्डे पर वीजा देंगे।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि सिख समुदाय के लिए करतारपुर “मदीना” और ननकाना साहिब “मक्का” है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार भारत और अन्य देशों से आने वाले सिख श्रद्धालुओं को बहु-प्रवेश वीजा और ‘ऑन अराइवल’ वीजा जारी करेगी। 
एक रिपोर्ट के अनुसार खान ने कहा कि सरकार पाकिस्तान के धार्मिक स्थलों की यात्रा के दौरान सिख श्रद्धालुओं को अधिकतम संभव सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इमरान खान ने सोमवार को गवर्नर हाउस में एक सिख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपको बहु-प्रवेश वीजा जारी किए जाएंगे, यह हमारी जिम्मेदारी है। हम आपको हवाईअड्डे पर वीजा देंगे।” 
उन्होंने कहा, “करतारपुर आपका मदीना है और ननकाना साहिब आपका मक्का है। हम (मुस्लिम) किसी को मक्का या मदीना से दूर रखने की कल्पना भी नहीं कर सकते।” सम्मेलन में पंजाब के गवर्नर चौधरी सरवर, संघीय और प्रांतीय कैबिनेट के सदस्य और अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, यूरोप तथा अन्य देशों के सिख तीर्थयात्री शामिल हुए। 
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान इस बात पर सहमत हुए हैं कि पाकिस्तान प्रस्तावित करतारपुर गलियारे के माध्यम से देश में हर रोज पांच हजार सिख श्रद्धालुओं को आने की अनुमति देगा। 

Desk Team