पाकिस्तानी अधिकारियों ने लाहौर और दिल्ली के बीच समझौता एक्सप्रेस सेवा को सोमवार को बहाल कर दिया। द्विपक्षीय संबंधों में तनाव के कारण यह सेवा कुछ दिनों से निलंबित थी। यह ट्रेन लाहौर से सोमवार और गुरुवार को चलती है। ‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के मुताबिक करीब 150 यात्रियों के साथ समझौता एक्सप्रेस लाहौर से भारत के लिए रवाना हुई।
नई दिल्ली में रेलवे अधिकारियों ने शनिवार को घोषणा की थी कि दोनों देश अपनी ओर से सेवा बहाल करने को राजी हो गए हैं। भारत ने 28 फरवरी को यह सेवा निलंबित कर दी थी। दिल्ली से ट्रेन हर बुधवार और रविवार को रवाना होती है।
पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद द्विपक्षीय संबंधों में उत्पन्न तनाव के बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी 28 फरवरी से ट्रेन सेवा निलंबित कर दी थी। हमले के बाद इस ट्रेन से आने-जाने वाले लोगों की संख्या में भारी गिरावट आई थी, जो 70 प्रतिशत से गिरकर 40 प्रतिशत पर पहुंच गई थी।
14 फरवरी को हुए इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। समझौता एक्सप्रेस में छह शयनयान डिब्बे और एक एसी 3 टियर डिब्बा है। दोनों देशों के बीच 1971 के युद्ध को सुलझाने वाले शिमला समझौता के तहत 22 जुलाई 1976 को यह ट्रेन सेवा शुरू की गई थी। भारत में यह ट्रेन दिल्ली से अटारी और पाकिस्तान में वाघा से लाहौर तक का सफर तय करती है।


Download Android App
Download iOS App




