पाकिस्तान ने मंगलवार को भारत के दावे को ”पूरी तरह खारिज” कर दिया कि उसने बालाकोट के नजदीक आतंकवादी शिविर को निशाना बनाया और भारी क्षति पहुंचाई। साथ ही उसने संकल्प लिया कि भारत के ”गैरजरूरी आक्रामकता” का जवाब वह ”अपने पसंद के स्थान और समय” पर देगा।
पाकिस्तान के अंदर बालाकोट में भारतीय हवाई हमले के कुछ घंटे के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की विशेष बैठक में प्रधानमंत्री इमरान खान ने सशस्त्र बलों और पाकिस्तान के लोगों से किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा है। नई दिल्ली में अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारत ने मंगलवार की सुबह PAK में जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर पर बम से हमला कर उसे नष्ट कर दिया। हमले में ‘‘काफी संख्या में’’ आतंकवादी, प्रशिक्षक और वरिष्ठ कमांडर मारे गए।
PAK ने कहा- भारत ने की ‘उकसावे की कार्रवाई’, इस्लामाबाद को है जवाब देने का हक
इस्लामाबाद में एनएससी की बैठक के बाद एक बयान में कहा गया, ”फोरम (एनएससी) भारत के दावे को पूरी तरह खारिज करता है कि उसने बालाकोट के नजदीक एक कथित आतंकवादी शिविर को निशाना बनाया और भारी क्षति पहुंचाई। भारत की सरकार ने एक बार फिर काल्पनिक दावे किए हैं।” इसने दावा किया कि चुनावी माहौल में अपने घरेलू फायदे के लिए कार्रवाई की गई जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा पहुंचा है।
इसने कहा, ”फोरम का मानना है कि भारत ने गैर जरूरी आक्रामकता अपनाई जिसका PAK अपनी पसंद के स्थान और समय पर जवाब देगा।” बयान में कहा गया है कि राष्ट्र को विश्वास में लेने के लिए सरकार ने संसद का संयुक्त सत्र बुलाने का निर्णय किया है। क्षेत्र में भारत की ‘‘गैर जवाबदेही वाली नीति का भांडाफोड़’’ करने के लिए खान वैश्विक नेतृत्व के साथ वार्ता भी करेंगे।


Download Android App
Download iOS App




