इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने भारत की तरफ से एक भी सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने की सूरत में “10 सर्जिकल स्ट्राइक” करने की धमकी दी। परमाणु हथियारों से संपन्न दोनों पड़ोसी देशों के बीच वाकयुद्ध का यह ताजा मामला है। सेना की इंटर सर्विसेज के जनसंपर्क विभाग के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने लंदन में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बयान दिया जहां वह पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख कमर जावेद बाजवा के साथ एक दौरे पर गए हुए हैं।
रेडियो पाकिस्तान ने गफूर के हवाले से कहा, “अगर भारत पाकिस्तान के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक करने की हिमाकत करता है तो उसे प्रतिक्रिया में 10 सर्जिकल स्ट्राइक का सामना करना होगा।” उन्होंने यह भी कहा, “जो हमारे खिलाफ किसी भी तरह की दुर्घटना को अंजाम देने के बारे में सोच रहे हैं उन्हें पाकिस्तान की क्षमताओं को लेकर अपने दिमाग में कोई शक नहीं रखना चाहिए।” सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान की सेना 50 अरब डॉलर के चीन पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) की संरक्षक है और यह विशाल परियोजना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी।
गफूर ने कहा कि सेना पाकिस्तान में लोकतंत्र को मजबूत करना चाहती है और दावा किया कि जुलाई में हुए आम चुनाव देश के इतिहास के सबसे पारदर्शी चुनाव रहे। उन्होंने कहा, “अगर किसी के पास चुनाव में धांधली होने के सबूत हैं तो उसे सामने लाना चाहिए।” उन्होंने मीडिया पर रोक की खबरों को भी खारिज किया और कहा कि देश में “अभिव्यक्ति की पूर्ण स्वतंत्रता है।” गफूर ने कहा कि पाकिस्तान में बुरे के मुकाबले बेहतर विकास ज्यादा हुआ है और अंतरराष्ट्रीय मीडिया को अच्छी चीजों को भी दिखाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



