पाकिस्तान के रावलपिंडी में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 2 पायलट समेत 17 की मौत

Summary :

पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में मंगलवार तड़के पाकिस्तानी सेना का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में मंगलवार तड़के पाकिस्तानी सेना का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया और सेना ने यह जानकारी दी। 
पाकिस्तानी सेना के मीडिया एवं जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) ने एक वक्तव्य जारी कर बताया कि पाकिस्तानी सेना का एक प्रशिक्षण विमान अपने नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था जब रावलपिंडी शहर के बाहरी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आईएसपीआर ने बताया कि विमान में सवार दो पायलटों समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई है। यह प्रशिक्षण जेट विमान रावलपिंडी शहर से कुछ दूर जब्बी गांव में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। 
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरने से उसकी चपेट में आकर कम से कम चार मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें आग लग गई। पुलिस और सुरक्षाबलों के अलावा राहत एवं बचाव दलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और शव निकालने का काम शुरू कर दिया है। 
जिले के आपातकालीन विभाग के अधिकारी अब्दुल रहमान ने मीडिया को बताया कि 12 शवों और 10 घायलों को रावलपिंडी शहर के तीन अलग-अलग अस्पतालों में भेज दिया गया है। विमान दुर्घटना के मद्देनजर रावलपिंडी शहर तथा राजधानी इस्लामाबाद के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। आईएसपीआर ने अभी तक इस विमान दुर्घटना के कारणों के बारे में जानकारी साझा नहीं की है। 

Desk Team