इजराइल में भ्रष्टाचार और कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों से नाराज हजारों लोगों ने देश के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। यहां प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के बाहर करीब दो हजार लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। तेज ठंड के कारण प्रदर्शन कर रहे लोगों की संख्या हाल के दिनों में कम हुई है।
प्रदर्शनकारी ‘‘जाओ’’ और ‘‘कानून की नजर में सब बराबर हैं’’ जैसे नारों वाली तख्तियां लिए थे। लोगों की मांग है कि भ्रष्टाचार के आरोप लगने के कारण नेतन्याहू को इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने लोगों का भरोसा खो दिया है, उन पर धोखाधड़ी और रिश्वत लेने के आरोप हैं और वह ठीक से देश नहीं चला पा रहे हैं।
वहीं प्रधानमंत्री ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। नेतन्याहू के खिलाफ ये मामले मीडिया दिग्ग्गजों और अरबपति सहयोगियों से जुड़े घोटाले के कई मामलों से संबंधित हैं। प्रदर्शनों ने नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देश में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए तीसरी बार लॉकडाउन लग सकता है और इन सब से प्रधानमंत्री की लोकप्रियता में कमी आई है।


Download Android App
Download iOS App



