लाहौर : प्रधानमंत्री इमरान खान नीत सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने अल्पसंख्यक हिंदुओं को लक्षित एक अपमानजनक नारा पोस्टरों में पाए जाने को लेकर अपने लाहौर महासचिव को निलंबित कर दिया है। मीडिया में आई खबर में शनिवार को यह कहा गया है। मियां अकरम उस्मान ने कश्मीर एकजुटता दिवस के सिलिसले में ये पोस्टर लगवाए थे। इन पोस्टरों में यह नारा लिखा था, ‘‘हिंदू बात से नहीं,…से मानता है। ’’
इसे लेकर उस्मान की इंटरनेट उपयोगकर्ताओं और उनकी पार्टी ने आलोचना की। उस्मान ने लाहौर में सार्वजनिक रूप से लगाए गए पोस्टरों को लेकर माफी मांगी। खबर के मुताबिक पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने लाहौर चैप्टर के अपने महासचिव को निलंबित कर दिया है। पार्टी ने उस्मान को एक कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। यह विषय एक विशेष कमेटी को भेजा गया है।
हालांकि, उस्मान ने इन अपमानजनक पोस्टरों के लिए प्रिंटर को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह (भारत के) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाना चाहते थे लेकिन प्रिंटर ने गलती से ‘मोदी’ शब्द की जगह ‘हिंदू’ शब्द को ले लिया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं सीमा के दोनों ओर रहने वाले सभी शांतिपूर्ण हिंदुओं से माफी मांगता हूं। मेरी जानकारी में आने पर सभी पोस्टरों को फौरन हटा लिया गया।’’


Download Android App
Download iOS App



