POK में फिर गूंजे आजादी के नारे, निकाली विशाल रैली

Summary :

NULL

नई दिल्ली : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में शनिवार को आजादी के लिए रैली निकाली गई। इसे जम्मू कश्मीर नेशनल स्टूडेंट्स फेडरेशन ने निकाला। जंदाली में जुटे लोगों ने पाकिस्तान से आजादी के लिए नारे लगाए। स्थानीय नेता लीकांत खान ने कहा कि पाकिस्तान इस शांतिपूर्ण जगह को बर्बाद करने के लिए यहां आतंकवादियों को भेजता है। पीओके में लगातार आजादी की मांग उठ रही है।

 

इस साल मई के महीने में भी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हजीरा स्थित डिग्री कॉलेज में छात्रों ने पाकिस्तान के खिलाफ आवाज बुलंद की थी कॉलेज में छात्रों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. डिग्री कॉलेज के छात्रों का कहना था कि आजादी हमारा हक है और हम हर हाल में इसको हासिल करके रहेंगे। यह विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान की ओर से पीओके के लोगों पर ढहाए जा रहे जुल्म के खिलाफ गुस्सा है. पाकिस्तानी सेना इस इलाके में लोगों पर अत्याचार कर रही है।

 

सिंध प्रांत में भी पाकिस्तान के खिलाफ स्थानीय लोग अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं। वहीं पाकिस्तान इन आवाजों को दबाने की भरसक कोशिश करता रहा है। पाकिस्तान आर्मी स्थानीय लोगों पर जुल्म ढाती रही है। हाल के दिनों चीन-पाक आर्थिक गलियारे को लेकर भी लोगों में आक्रोश का माहौल है।

‘अवैध कब्जा ही है असली मुद्दा’

दूसरी ओर भारत हमेशा से यह कहता रहा है कि पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान पर पाकिस्तान का कब्जा अवैध है और उसे खाली करना होगा। भारत का कहना है कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच जम्मू और कश्मीर को लेकर कोई विवाद है तो वह सिर्फ पाकिस्तान की तरफ से पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान पर अवैध कब्जा है।

Desk Team