अफवाहों के चलते खौफ में गुजरी पाकिस्तान की बीती रात, कराची में किया गया ब्लैकआउट

Summary :

पाकिस्तान के कई ट्विटर यूजर्स ने दावा किया कि कराची में मंगलवार रात को पूरा अंधेरा हो गया और आसमान में फाइटर जेट ही घूम रहे थे।

पाकिस्तान में मंगलवार रात एक अफवाह ने हलचल मचा दी। अफवाह का असर यह हुआ कि पाकिस्तान ने कराची में ब्लैकआउट कर दिया। इसके बाद वहां के लोग दहशत में आ गए। अफवाहों का यह दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा। दरअसल, सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि भारतीय वायुसेना के जेट फाइटर्स कराची और बहावलपुर के करीब उड़ान भर रहे हैं।
पाकिस्तान के कई ट्विटर यूजर्स ने दावा किया कि कराची में मंगलवार रात को पूरा अंधेरा हो गया और आसमान में सिर्फ लड़ाकू विमान ही घूम रहे थे। वहां के लोगों ने लिखा कि हमें रात को ऐसा लगा कि मानों फिर एक बार भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक के जैसा कुछ कर दिया है। कराची के एक ट्विटर यूजर ने तो एयरपोर्ट पर जेट प्लेन देखे जाने तक का दावा कर दिया।


वहीं इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए पाक में एनबीसी के पूर्व रिपोर्टर वाज खान ने ट्वीट करते हुए लोगों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने ट्वीट में लिखा ‘प्रिय, भारत और पाकिस्तान। अफवाहें हैं कि भारतीय वायुसेना ने पीओके और सिंध-राजस्थान सेक्टर में घुसपैठ की है। दोनों देशों को मामले की जानकारी देना चाहिए। शांत रहें और इस हफ्ते का मजा लें।’

Desk Team