स्टॉकहोम : स्वीडन परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध का आह्वान करने वाली संयुक्त राष्ट्र संधि पर हस्ताक्षर नहीं करेगा।
स्वीडन के विदेश मंत्री मार्गोट वॉलस्ट्राम ने शुक्रवार को यह बात कही। वॉलस्ट्राम ने स्टॉकहोम में संवाददाता सम्मेलन में बताया,‘‘ सरकार परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाने वाले समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करेगी। हमारा इस समय भी यही रुख है।’’ ‘‘परमाणु हथियारों पर संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध संधि ’’ परमाणु हथियारों और अन्य परमाणु विस्फोटक उपकरणों पर प्रतिबंध का आह्वान करती है और संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 122 देशों के समर्थन के साथ जुलाई 2017 में इसका अनुमोदन किया था। इन देशों में स्वीडन भी शामिल है।
वॉलस्ट्राम ने इस बात को रेखांकित किया कि स्वीडन ने इस संधि के समर्थन में मत दिया था लेकिन उसने साथ ही यह चिंता भी जाहिर की थी कि इसमें यह स्पष्ट नहीं है कि किन हथियारों को इसके तहत लाया जाएगा और साथ ही यह संबंधित संधियों के साथ किस प्रकार तालमेल स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि संधि पर हस्ताक्षर करने के बजाय स्वीडन इसमें पर्यवेक्षक का दर्जा चाहेगा । वॉलस्ट्राम ने साथ ही कहा कि उनका देश परमाणु हथियार मुक्त विश्व के लिए प्रतिबद्ध है।


Download Android App
Download iOS App



