संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गाजा और दक्षिणी इजरायल में खतरनाक रूप से बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता जताई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ‘मुझे लोगों की जिंदगियां जाने पर बहुत दुख हुआ है। यह जरूरी है कि सभी पक्ष एक और विनाशकारी संघर्ष की कगार से तुरंत पीछे हट जाएं।’
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि वह हमास और अन्य फिलिस्तीनी आतंकवादियों से आग्रह करते हैं कि वे रॉकेट और ज्वलंत पदार्थो से लैस पतंगों को सीमा पार छोड़ना व उकसावे की गतिविधियों को बंद कर दें। वह इजरायल से भी स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए संयम बरतने का आग्रह करत हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं संयुक्त राष्ट्र के साथ जुड़े, खासकर अपने विशेष समन्वयकों को इस खतरनाक स्थिति से बाहर निकलने पर काम करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं। आगे किसी तरह की हिंसा बढ़ने से फिलीस्तीनियों के साथ ही इजरायलियों का जीवन भी खतरे में पड़ जाएगा। गाजा में मानवीय विनाश और गहरा हो जाएगा और वर्तमान में आजीविका में सुधार करने और गाजा में फिलीस्तीनी प्राधिकार की वापसी के समर्थन के प्रयास को झटका लगेगा।’
इजरायल और हमास के बीच शुक्रवार को छिड़ी हिंसक संघर्ष में चार फिलिस्तीनी मारे गए, जबकि करीब 210 घायल हुए हैं।
दक्षिणी गाजा पट्टी में शुक्रवार को एक अभियान के दौरान इजरायली सैनिक के मारे जाने के बाद इस संघर्ष की शुरुआत हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



