लंदन, 24 अगस्त (आईएएनएस)। यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने सोमवार को बताया कि सऊदी अरब के यानबू से लगभग 63 नॉटिकल मील (117 किमी) पश्चिम में एक टैंकर पर ‘अज्ञात प्रोजेक्टाइल’ से हमला हुआ है। जिसमें जहाज के मुख्य डेक पर आग लग गई।
जहाज की कंपनी के सुरक्षा अधिकारी के हवाले से एजेंसी ने बताया कि क्रू सुरक्षित है और सभी मौजूद हैं। वहीं, ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड टेक ने बताया कि सऊदी झंडे वाले एक जहाज पर मिसाइल से हमला हुआ और उसमें आग लग गई।
यानबू सऊदी अरब का मुख्य ऑयल पोर्ट है, जहां से रोजाना लाखों बैरल तेल लोड किया जाता है। होर्मुज की नाकेबंदी के बाद यह सऊदी तेल निर्यात का मुख्य रास्ता बन गया है।
पिछले महीने यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों ने रेड सी में सऊदी से जुड़े जहाजों की नाकेबंदी की घोषणा की थी। इसके बाद से यानबू से होने वाली शिपिंग में भी रुकावट आई है।
यह घटनाक्रम इस इलाके में हाल ही में हुए कई हमलों के बाद हुआ है। इससे पहले 17 अगस्त को, हूती ने कहा था कि उसने लाल सागर में दक्षिण-पश्चिमी बंदरगाह शहर मोचा के पास सऊदी सेना के एक लैंडिंग शिप और उसके साथ चल रहे चार एस्कॉर्ट जहाजों पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया था।
उस ऑपरेशन के बारे में बताते हुए, हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि यह हमला कई बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करके किया गया था और “सीधा और सटीक” था। उन्होंने दावा किया कि लैंडिंग जहाज में आग लग गई, जबकि कुछ एस्कॉर्ट करने वाली नावें डूब गईं और अन्य में आग लगा दी गई।
मोचा, रणनीतिक बाब अल-मंदाब स्ट्रेट के पास सरकार के नियंत्रण वाला एक बंदरगाह शहर है। ये लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और इस तरह ये दुनिया के एक प्रमुख समुद्री चोकपॉइंट (संकरे समुद्री रास्ते) के करीब स्थित है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


