इस्लामाबाद : सऊदी अरब ने जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को कम करने का प्रयास किया। सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, इस्लामाबाद से नयी दिल्ली जाने वाले हैं। सऊदी के विदेश राज्य मंत्री आदिल अल जुबैर ने सोमवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुलाकात की । अधिकारियों ने बताया कि कुरैशी ने कश्मीर में पुलवामा हमले के बाद हालात के बारे में उन्हें अवगत कराया। जुबैर ने मीडिया से कहा, ‘‘हमारा प्रयास दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव को कम करना है और देखना चाहते हैं कि शांतिपूर्वक मतभेद सुलझाने के लिए आगे क्या कोई रास्ता है।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देश आतंकवाद के उभार सहित समान तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि दोनों देश अपने-अपने मतभेद सुलझा लें और शांतिपूर्ण संबंध हो।’’ सऊदी अरब का पाकिस्तान पर असर है और क्राउन प्रिंस के दो दिन के दौरे के दौरान कम से कम सात एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं और 20 अरब डॉलर के निवेश का समझौता हुआ है। जुबैर की टिप्पणी को तनाव घटाने के प्रयासों के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि पाकिस्तान ने विचार-विमर्श के लिए अपने दूत को सोमवार को भारत से बुला लिया ।


Download Android App
Download iOS App



