सऊदी अरब ने रियाद के नोट पर छपे भारत के गलत नक्शे को वापस ले लिया है। दरअसल, 20 रियाल बैंक नोट पर भारत का गलत नक्शा छापा गया था, जिसमें अविभाजित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग दिखाया गया था। भारत ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद जी-20 सम्मेलन से पहले ही नोट को वापस ले लिया गया है।
जानकलारी के मुताबिक नोट को वापस लेने के साथ ही इस नोट की छपाई बंद करवा दी गई है। सऊदी अरब के सामने रियाद में भारतीय राजदूत औसाफ सईद ने 28 अक्टूबर को यह मुद्दा उठाया था। 20 रियाल के नोट में बनाए गए वैश्विक मैप में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को भारत से अलग दिखाया गया था। विवादित बैंक नोट में एक तरफ किंग सलमान और जी-20 सऊदी समिट का लोगो था, तो वहीं दूसरी तरफ जी-20 देशों का वैश्विक मैप था। मैप में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके), गिलगित-बाल्टिस्तान समेत पूरे जम्मू-कश्मीर को अलग देश के रूप में दिखाया गया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा था, हमने सऊदी अधिकारियों के सामने भारतीय सीमाओं के गलत चित्रण का मामला उठाया था। रियाद के साथ ही नई दिल्ली में भी सऊदी के अधिकारियों से बात हुई। हमें सऊदी अधिकारियों द्वारा सूचित किया गया है कि उन्होंने इस मामले में हमारी चिंताओं को नोट किया है। बता दें कि 15वें जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता सऊदी अरब के किंग करेंगे। 21-22 नवंबर तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन को ‘सभी के लिए 21वीं सदी के अवसरों का एहसास’ विषय पर आयोजित किया गया है। कोरोना के कारण इस बार जी-20 सम्मेलन वर्चुअल होगा।


Download Android App
Download iOS App



