पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद अहमद ने कहा कि पिछले चार दिनों से जिस भाषा का उपयोग किया जा रहा है वह पाकिस्तान के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भारत यही चाहता है कि कश्मीर मुद्दा हमारे एजेंडे से बाहर चला जाए। एक रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “भारत यही चाहता है कि पाकिस्तान के सैन्य संस्थानों की निंदा हो, पाकिस्तान के सरकारी संस्थान कमजोर हों और कश्मीर मुद्दा एजेंडा से बाहर चला जाए।”
एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि मौलाना जा रहे हैं। एक या दो दिन में ये समस्याएं खत्म हो जाएंगी।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार ने जिस तरह से इस मुद्दे से निपटा है, वे इससे बहुत खुश हैं। बता दें कि इमरान खान सरकार के खिलाफ जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान देशभर में आजादी मार्च चला रहे हैं और इमरान खान से इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं।
सरकार और मौलाना के बीच मंगलवार को वार्ता होने वाली है। मौलाना से मुलाकात के बाद पंजाब विधानसभा अध्यक्ष चौधरी परवेज इलाही ने कहा कि विपक्ष ने अपनी मांगे पहले ही पेश कर दी हैं और प्रधानमंत्री ने इन पर उनसे चर्चा के लिए आज एक बैठक बुलाई है।


Download Android App
Download iOS App



