सोमालिया की राजधानी में शनिवार को राष्ट्रपति भवन के पास हुए दो आत्मघाती कार बम विस्फोट में कम से कम आठ लोग मारे गए।समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि दो समन्वित विस्फोटों में मारे गए लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है। अधिकारी ने कहा, ‘अभी तक हमारी जानकारी के अनुसार विस्फोट में कम से कम आठ लोग मारे गए हैं लेकिन यह संख्या बढ़ सकती है।’ सोमाली आतंकवादी समूह अल-शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि विस्फोट के झटके लंबी दूरी तक महसूस किए गए। मुख्तार आब्दी नामक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘बम विस्फोट बहुत बड़ा था जिससे निवासियों में दहशत और अफरा-तफरी फैल गई। हम इस घटना से हताहत हुए लोगों की संख्या नहीं जानते, लेकिन हमने सुना कि कई लोग मारे गए हैं।’ इससे पहले की रिपोर्ट में कहा गया था कि मोगादिशु के उप राज्यपाल मोहम्मद अब्दुलहई विस्फोट में घायल हो गए हैं जबकि उनके कुछ अंगरक्षक मारे गए हैं। ब्लास्ट के दौरान यूनिवर्सल टेलीविजन के एक वरिष्ठ रिपोर्टर की भी मौत हुई। उनके सहयोगियों के बारे में अभी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।


Download Android App
Download iOS App


