सोनिया गांधी के बाबरी विध्वंस पर छलके आंसुओं का सम्मान करता हूं : सैम पित्रोदा

Summary :

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में बाबरी मस्जिद को लेकर छलके आंसुओं का जिक्र है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा है कि उन्होंने अभी यह किताब नहीं पढ़ी है, लेकिन अगर उस समय सोनिया गांधी की आंखों में आंसू थे तो वह उनका सम्मान करते हैं। समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए गए विशेष साक्षात्कार में पित्रोदा से पूछा गया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय वह रो पड़ी थीं।…

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में बाबरी मस्जिद को लेकर छलके आंसुओं का जिक्र है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने कहा है कि उन्होंने अभी यह किताब नहीं पढ़ी है, लेकिन अगर उस समय सोनिया गांधी की आंखों में आंसू थे तो वह उनका सम्मान करते हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए गए विशेष साक्षात्कार में पित्रोदा से पूछा गया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय वह रो पड़ी थीं। क्या उनकी नजर में वो ‘राष्ट्रीय शर्म’ का विषय था?

इस पर पित्रोदा ने कहा, “मैंने उनकी किताब नहीं देखी है। उन्हें जो लिखना है, वह लिखेंगी। यह उनकी किताब है। मैं इस पर टिप्पणी करने वाला कौन होता हूं? उन्होंने कुछ लिखा है, मैं उसका सम्मान करता हूं। अगर उस समय उनकी आंखों में आंसू थे, तो मैं उसका सम्मान करता हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि कहीं और उनकी आंखों में आंसू नहीं रहे होंगे।”

उन्होंने इस सवाल पर कोई सीधी टिप्पणी करने से परहेज किया कि बाबरी विध्वंस ‘राष्ट्रीय शर्म’ का विषय था या नहीं। पित्रोदा ने कहा कि इस बारे में उनकी कोई टिप्पणी नहीं है और सोनिया गांधी की बात को उसी रूप में पढ़ा जाना चाहिए, जिस रूप में उन्होंने उसे लिखा है।

सोनिया गांधी की किताब पर अपनी व्यापक प्रतिक्रिया देते हुए पित्रोदा ने कहा, “मैंने किताब अभी पढ़ी नहीं है, लेकिन उनके विचार में यह प्रेम, चरित्र, देश के प्रति समर्पण और परिवार के प्रति निष्ठा की कहानी है। यह एक ऐसे व्यक्ति के साहस की कहानी भी है, जिसने अपने देश, भाषा, संस्कृति, खान-पान और परिवार को पीछे छोड़कर एक बिल्कुल नए माहौल में अपनी पूरी जिंदगी बिताई।”

उन्होंने कहा, “यह बहुत बड़े साहस की कहानी है। कितने लोग ऐसा कर सकते हैं और फिर भारत में होने वाली तमाम आलोचनाओं का सामना कर सकते हैं? नागरिकता से लेकर कई अन्य मुद्दों पर उनके खिलाफ कीचड़ उछाला गया। दुख की बात है कि लोग उस इंसान के साथ ऐसा करते हैं, जिसने अपने निजी सुख और आराम का इतना बड़ा त्याग किया हो।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें सोनिया गांधी के सफर पर गर्व है। पित्रोदा ने तमाम जुबानी हमलों के बावजूद अपने उसूलों पर टिके रहने और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए उनकी सराहना की।

पित्रोदा के अनुसार, वो सोनिया गांधी की किताब पढ़ने के लिए उत्सुक हैं। उनके मुताबिक, “इतनी बड़ी किताब लिखने में काफी समय और मेहनत लगती है। मैंने भी एक किताब लिखी है, जो लगभग 350 पन्नों की है, जबकि उनकी किताब लगभग 500 पन्नों या उससे भी ज्यादा की है और मुझे पता है कि किताब लिखने में क्या कुछ लगता है।”

उन्होंने आगे कहा, “यह एक गणितीय पहेली की तरह है, जहां आप हर छोटे टुकड़े को सही जगह पर फिट करने की कोशिश करते हैं, उसे बार-बार बदलते हैं और अलग-अलग रंग देते हैं। इसलिए किसी किताब की पूरी मेहनत को समझने के बजाय उसके किसी एक पन्ने या टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा करना ठीक बात नहीं है।”

–आईएएनएस

केआर/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.