कोविड-19 महामारी के दौरान असहाय लोगों की मदद करने को लेकर भारतीय अभिनेता सोनू सूद को दक्षिण एशियाई हस्तियों की सूची में शीर्ष स्थान पर नामित किया गया है। इस संबंध में अपनी तरह की पहली और एक अनूठी रैंकिंग बुधवार को यहां जारी की गई। ब्रिटेन के साप्ताहिक अखबार ‘ईस्टर्न आई’ द्वारा प्रकाशित ‘विश्व में 50 एशियाई हस्तियों’ की सूची में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए 47 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा।
इस सूची के माध्यम से उन कलाकारों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने अपने काम से समाज में सकारात्मक छाप छोड़ी है और लोगों को प्रेरित किया है। सम्मान के प्रति आभार प्रकट करते हुए सूद ने कहा, “महामारी के दौरान मुझे एहसास हुआ कि अपने देश के लोगों की सहायता करना मेरा कर्तव्य है। ”
कोविड-19 लॉकडाउन के समय सूद ने भारतीय प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने में सहायता की थी, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया। ‘ईस्टर्न आई’ के संपादक असजद नजीर ने सूची तैयार की। उन्होंने कहा कि सूद इस सम्मान के हकदार हैं क्योंकि लॉकडाउन के समय दूसरों की सहायता करने के लिए किसी और हस्ती ने इतना काम नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



