संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारतीय प्रवासियों को चेतावनी दी गयी है कि वे इस तरह की अपुष्ट खबरें नहीं फैलाएं कि यात्रा वीजा पर यहां आने वाले बुजुर्ग नागरिकों को कोरोना वायरस के टीके लगाये जाएंगे।
दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी ने गल्फ न्यूज से कहा, ‘‘हमें यहां स्थानीय अधिकारियों से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है और फिलहाल अमीरात का वैध पहचान पत्र रखने वाले यूएई के निवासी ही टीकाकरण के पात्र हैं। लोगों को ऐसी जानकारी पर भरोसा नहीं करना चाहिए और दूसरों को इस तरह की जानकारी भेजने से बचना चाहिए।’’
पिछले सप्ताह भारतीय समुदाय के लोगों में एक वॉट्सऐप संदेश प्रसारित हो रहा था कि यात्रा वीजा पर आने वाले बुजुर्ग लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया जाएगा और यहां भारतीय मिशन इस बाबत जरूरी बंदोबस्त कर रहा है।
अखबार के अनुसार भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने कहा कि यूएई में टीकाकरण अभियान में सबसे पहले स्थायी नागरिकों को लाभ मिलेगा और उक्त अफवाह नहीं फैलाई जानी चाहिए। वाणिज्य दूतावास ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘अफवाहों से सावधान रहें। संदेश भेजने से पहले हमेशा विश्वस्त सूत्र से जांच लें।’’


Download Android App
Download iOS App



