खार्तूम : सूडान की एक अदालत ने शनिवार को अपदस्थ राष्ट्रपति उमर अल बशीर पर विदेशी धन को अवैध तरीके से हासिल करने और उसके इस्तेमाल को लेकर आरोप तय किए।
न्यायाधीश अल सादिक अब्देल रहमान बशीर की सुनवाई के तीसरे सत्र में कहा कि उनके घर पर कई मुद्राओं में विदेशी धनराशि मिली है।
न्यायाधीश रहमान ने कहा, ‘‘अधिकारियों ने ‘‘69 लाख यूरो, 351,770 डॉलर और 57 लाख सूडानी पाउंड (बशीर के) घर से जब्त किये थे जिसे उन्होंने अवैध तरीके से हासिल कर उसका इस्तेमाल किया।’’
बशीर ने सऊदी के शाही घरानों से 2.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के बराबर की राशि मिलने की बात स्वीकार की है।
पूर्व राष्ट्रपति बशीर (75) ने कहा, ‘‘इस धनराशि का इस्तेमाल उन्होंने अपने निजी हित के लिए नहीं किया बल्कि चंदा देने के रूप में किया।’’
न्यायाधीश ने कहा कि धन को गैर कानूनी ढंग से हासिल करने के लिए 10 वर्ष तक की जेल की सजा और विदेशी निधि के अवैध इस्तेमाल के वास्ते तीन वर्ष तक सजा हो सकती है।
सुनवाई के सत्र में शामिल एएफपी के एक संवाददाता ने कहा कि सुनवाई को सात सितम्बर तक के लिए स्थगित कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



