अफगानिस्तान में वापसी कर चुका एक तरफ जहां तालिबान देश में नई सरकार के गठन का दावा कर रहा है, वहीं उसके क्रूर व्यवहार की तस्वीरें दुनिया के सामने आ रही हैं। काबुल में पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाज़ी कर रही भीड़ को हटाने के लिए तालिबान ने उनपर फायरिंग कर दी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगान लोग अफगानिस्तान में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। ये लोग विरोध-प्रदर्शन करते हुए काबुल स्थित पाकिस्तान दूतावास भी पहुंचे जहां पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए हैं।
पंजशीर पर कब्जे के बाद तालिबान का दावा, अफगानिस्तान में सरकार गठन की तैयारी पूरी
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट मुताबिक विरोध-प्रदर्शन कर रहे इन लोगों को तितर-बितर करने के लिए तालिबान ने गोलियां चलाई हैं। काबुल की सड़कों पर इस समय लोग पाकिस्तान मुर्दाबाद, आजादी और सपोर्ट पंजशीर के नारे लगा रहे हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हज़ारों महिला और पुरुष प्रदर्शन कर रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि अफगानिस्तान को एक स्वतंत्र सरकार चाहिए न कि कोई पाकिस्तानी कठपुतली सरकार। लोग पाकिस्तान, अफगानिस्तान छोड़ो जैसे नारे लगा रहे हैं। बता दें कि अफगानिस्तान में इन दिनों पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा था। अफगान नागरिक पाकिस्तान द्वारा पंजशीर में किए गए हमले का विरोध कर रहे हैं।
वहीं काबुल में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में तालिबान के प्रवक्ता मुजाहिद ने पुष्टि की कि आईएसआई प्रमुख ने मुल्ला बरादर से काबुल दौरे के दौरान मुलाकात की। इस दौरान तालिबान ने इस्लामाबाद को आश्वासन दिया कि अफगानिस्तान की भूमि का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं होगा।


Download Android App
Download iOS App



