इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ को 33 आरक्षित सीटें, नेशनल असेंबली में संख्या बल 158

Summary :

इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) आम बहुमत से 14 सीटें पीछे हैं। उसे सदन में बहुमत साबित करने के लिए छोटे दलों पर निर्भर करना होगा।

चुनाव आयोग ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को महिलाओं की 28 और गैर मुसलमानों की पांच आरक्षित सीटें आवंटित कीं जिसके साथ नेशनल असेंबली में पार्टी की कुल सीटें 158 हो गयीं जो आम बहुमत से केवल 14 कम हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग ने कल निर्वाचित सदस्यों की अंतिम संख्या के आधार पर पार्टियों को आरक्षित सीटें आवंटित कीं। नेशनल असेंबली में महिलाओं के लिए 60 जबकि अल्पसंख्यकों के लिए 10 सीटें आरक्षित हैं।

‘डॉन’ की खबर के अनुसार, भावी प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी को पंजाब प्रांत से महिलाओं के लिए आरक्षित 16, सिंध से चार, खैबर पख्तूनख्वा से सात और बलूचिस्तान से एक सीट दी गयी है। पार्टी को अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित 10 सीटों में से आधी यानि पांच सीटें दी गयी हैं। वहीं पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को दो, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) को दो और मजलिस-ए-अमल (एमएमए) को एक सीट दी गयी है। तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) आम बहुमत से 14 सीटें पीछे हैं। उसे सदन में बहुमत साबित करने के लिए छोटे दलों पर निर्भर करना होगा। पार्टी पहले ही 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में आम बहुमत के लिए 172 का जादुई आंकड़ा पार करने का दावा कर चुकी है।

Desk Team