‘पंछी आजाद हो गया’, Twitter खरीदते ही एलन मस्क का Tweet

Summary :

ट्विटर टेक ओवर करते ही एलन मस्क ने ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल (Parag Agarwal) , CFO नेड सेगल (Ned Segal) और लीगल अफेयर्स एंड पॉलिसी चीफ विजया गड्डे (Vijaya Gadde) को कंपनी से टर्मिनेट कर दिया है।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला कंपनी (Tesla Company) के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर (Twitter) खरीद लिया है। मस्क ने गुरुवार को ट्विटर को खरीदने के 44 अरब अमेरिकी डॉलर के करार को अमलीजामा पहना दिया। ट्विटर खरीदने के बाद मस्क ने ट्ववीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा, “पक्षी आज़ाद हो गया”। 


मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विटर टेक ओवर करते ही एलन मस्क ने ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल (Parag Agarwal) , CFO नेड सेगल (Ned Segal) और लीगल अफेयर्स एंड पॉलिसी चीफ विजया गड्डे (Vijaya Gadde) को कंपनी से टर्मिनेट कर दिया है। 

खबर में इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से कहा गया है कि मस्क ने “कम से कम चार शीर्ष कार्यकारी अधिकारियों को हटाने के साथ ही ट्विटर से अधिकारियों की छुट्टी का सिलसिला शुरू कर दिया है।” खबर के मुताबिक, ट्विटर के जिन कार्यकारी अधिकारियों को हटाया गया है, उनमें अग्रवाल और गड्डे के अलावा मुख्य वित्तीय अधिकारी नेड सेगल और जनरल काउंसिल सियान एजेट शामिल हैं।
जैक डोर्सी के इस्तीफे के बाद CEO बनाये गए थे पराग 
पराग अग्रवाल को पिछले साल नवंबर में कंपनी के सह-संस्थापक जैक डोर्सी के इस्तीफे के बाद ट्विटर का सीईओ नियुक्त किया गया था। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बॉम्बे और स्टैनफॉर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर चुके अग्रवाल ने एक दशक से अधिक समय पहले ट्विटर में नौकरी शुरू की थी। उस समय कंपनी में 1,000 से भी कम कर्मचारी हुआ करते थे। 
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर के अनुसार, “पिछले साल ट्विटर के सीईओ नियुक्त किए गए अग्रवाल की मस्क के साथ सार्वजनिक और निजी रूप से कहासुनी हो गई थी। मस्क ने ‘कंटेंट मॉडरेशन’ (ऑनलाइन सामग्री की निगरानी और छंटनी की प्रक्रिया) के मामले में गड्डे की भूमिका की भी सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी।”

Desk Team