अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि फाइजर-बायोएनटेक कोविड-19 वैक्सीन की पहली खेप सोमवार से अमेरिकी राज्यों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, वार्प स्पीड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर गुस्ताव पेरना ने शनिवार को कहा कि शिपिंग कंपनियां यूपीएस और फेडएक्स अमेरिकी राज्यों के लगभग 150 स्थानों पर वैक्सीन पहुंचाएंगी।
पेरना ने कहा कि टीका सोमवार सुबह पहुंचेगा ताकि स्वास्थ्यकर्मी वैक्सीन डोज प्राप्त करने के लिए उपलब्ध रहें। ‘यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन’ (एफडीए) ने शुक्रवार को जर्मन कंपनी बायोएनटेक के साथ साझेदारी में अमेरिकी दवा निर्माता फाइजर के कोविड-19 वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग के लिए हरी झंडी दे दी, जो देश में बीमारी के खिलाफ पहला टीका है। आपातकालीन उपयोग आथराइजेशन देश में वैक्सीन को वितरित करने की अनुमति देता है।
एफडीए ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों की समग्रता इस बात के स्पष्ट प्रमाण प्रदान करती है कि फाइजर-बायोएनटेक वैक्सीन वायरस को रोकने में कारगर हो सकती है। शनिवार को अपने नवीनतम अपडेट में, यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने 244,011 नए मामलों के सामने आने और 3,013 मौतें होने की जानकारी दी, जिससे कुल संक्रमण की संख्या 16,045,596 हो गई और अब तक 297,789 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App

