अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पश्चिम एशिया के अनुभवी राजनयिक डेविड सैटरफील्ड को तुर्की में राजदूत नियुक्त कर सकते हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार वर्तमान में कार्यवाहक सहायक विदेश मंत्री के रूप में कार्य कर रहे सैटरफील्ड का पश्चिम एशिया में काम करने का लगभग चार दशकों का अनुभव है। इन देशों में सीरिया, ट््यूनीशिया, सऊदी अरब और लेबनान भी शामिल हैं। तुर्की में अमेरिकी राजदूत का पद अक्तूबर 2017 से रिक्त है।
राजदूत नियुक्त करने संबंधी फैसला उस समय आया है जब उत्तरी सीरिया में कुर्दिश लड़कुओं को लेकर अमेरिका और तुर्की के बीच खींचतान चल रही है। कुर्दिश लड़कू आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अभियान में अमेरिका के सहयोगी हैं जबकि तुर्की उसे ‘आतंकवादी समूह’ बताता है। वर्तमान में सीरिया में करीब 2,000 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। यूएस सेंट्रल कमान के कमांडर जोसेफ वोटेल ने 10 फरवरी को मीडिया को बताया था कि ऐसी संभावना है कि अमेरिका कुछ हफ्तों में सीरिया से अपने सैनिक लौटाना शुरू कर देगा।


Download Android App
Download iOS App



