अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस साल के अंत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ दूसरी वार्ता कर सकते हैं। व्हाइट हाउस ने गुरुवार को बताया कि यह वार्ता व्हाइट हाउस में हो सकती है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से बताया, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने इस साल के अंत में राष्ट्रपति पुतिन को वाशिंगटन के लिए आमंत्रित करने के लिए जॉन बॉल्टन से कहा है और इस दिशा में चर्चा हो रही है।’ ऐसी संभावना है कि पुतिन नौ नवंबर को होने वाले मध्यावधि कांग्रेसनल चुनाव से पहले या तुरंत बाद वाशिंगटन आ सकते हैं।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पुतिन इस निमंत्रण को स्वीकार करेंगे या नहीं। ट्रंप ने फिनलैंड में पुतिन के साथ वार्ता सफल होने के बाद दूसरी वार्ता आयोजित करने की अपनी मंशा जाहिर की थी। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था, ‘मैं पुतिन के साथ दूसरी वार्ता को लेकर आशान्वित हूं ताकि हम एक बार फिर आतंकवाद, इजरायल की सुरक्षा, परमाणु प्रसार, साइबर हमलों, व्यापार, यूक्रेन, मध्य पूर्व में शांति और उत्तर कोरिया सहित कई मुद्दों पर बातचीत कर सकें।’उन्होंने कहा, ‘इन समस्याओं के कई जवाब हैं, कुछ आसान तो कुछ कठिन हैं लेकिन इन्हें सुलझाया जा सकता है।’


Download Android App
Download iOS App



