व्हाइट हाउस ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2020 में ओपरा विनफ्रे द्वारा राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने का स्वागत करेंगे और अगर वह चुनाव लड़ने का फैसला करती हैं तो उनके खिलाफ चुनावी जंग लड़ना चाहेंगे। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता होगन गिडले ने सोमवार को राष्ट्रपति के साथ टेनेसी जाते वक्त एयर फोर्स वन में यात्रा शुरू करने से पहले कहा, ‘हम चुनौती का स्वागत करते हैं चाहे वे ओपरा विनफ्रे हों या फिर कोई और।’
हिल पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक, गिडले ने कहा कि ट्रंप निश्चित तौर पर दोबारा राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रंप का रिकॉर्ड किसी भी उम्मीदवार के खिलाफ बेहतर होगा। उन्होंने कहा, ‘इस राष्ट्रपति के खिलाफ कौन चुनाव लड़ने की सोच रहा है, इस बात की ओर ध्यान दिए बिना महत्वपूर्ण यह है कि वे एक ऐसे राष्ट्रपति का सामना करने जा रहे हैं जिन्होंने एक रिकॉर्ड समय में रिकॉर्ड उपलब्धियां हासिल की हैं।’
गिडले ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ट्रंप ने रविवार को गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह में ओपरा विनफ्रे का संबोधन देखा है या नहीं, जिसमें उन्होंने यौन उत्पीड़न और नस्लीय न्याय पर बातें कही थीं। विनफ्रे के भाषण ने सोशल मीडिया और हॉलीवुड में यह चर्चा छेड़ दी है कि वह 2020 में ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं, अगर ट्रंप लड़ते हैं तो। सीएनएन ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा है कि पूर्व चर्चित टीवी शो की मेजबान ओपरा विनफ्रे सक्रिय रूप से चुनाव लड़ने के बारे में सोच रही हैं।
विनफ्रे के लंबे समय से दोस्त रहे स्टेडमैन ग्राहम ने लॉस एंजलिस टाइम्स को बताया, ‘वह निश्चित ही ऐसा कर सकती हैं, लेकिन यह लोगों पर निर्भर करता है।’ हालांकि एक सूत्र ने एनबीसी समाचार को बताया कि ओपरा की राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं है। ऐसा नहीं होने जा रहा है।
विनफ्रे लंबे समय से डेमोक्रेटिक पार्टी की समर्थक रही हैं। उन्होंने 2008 में बराक ओबामा के राष्ट्रपति अभियान का समर्थन किया था और 2016 में हिलरी क्लिंटन का ट्रंप के खिलाफ अभियान भी ओपरा द्वारा समर्थित था। ट्रंप खुद अतीत में विनफ्रे की तारीफ कर चुके हैं। राजनीति में आधिकारिक प्रवेश से पहले उन्होंने कहा था कि विनफ्रे को उप राष्ट्रपति पद सौंपे जाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



