हाले (जर्मनी) : जर्मनी के शहर हाले में गोलीबारी की एक घटना में बुधवार को कम से कम दो लोगों की मौत हो गयी। चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों का निशाना एक यहूदी प्रार्थनाघर था जहां इस धर्म के अनुयायी योम किप्पूर पर्व मना रहे थे।
एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया लेकिन अन्य हमलावरों की तलाश जारी है और हाले समेत पूर्वी जर्मनी के अन्य शहरों में यहूदी प्रार्थनास्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।
पुलिस ने क्षेत्र के निवासियों से घरों में रहने का आग्रह करते हुए ट्वीट किया, ‘‘शुरूआती संकेत बताते हैं कि हाले में दो लोग मारे गये। कई गोलियां चलाई गयीं। संदिग्ध हमलावर कार में फरार हो गये।’’ उन्होंने बाद में कहा कि एक हमलावर को पकड़ लिया गया।
हाले में यहूदी समुदाय के प्रमुख मैक्स प्राइवोरोज्की ने स्पीगल ऑनलाइन को बताया कि हमलावरों ने पौलस जिले में एक यहूदी प्रार्थनाघर में घुसने का प्रयास किया था लेकिन सुरक्षा तंत्र ने हमले को नाकाम कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमले के वक्त प्रार्थनाघर में 70-80 लोग थे। पूरी दुनिया में यहूदी समुदाय के लोग अपने सबसे पवित्र त्योहारों में से एक मना रहे हैं।
शहर के अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि दो लोग हमले में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गये हैं और उनका इलाज चल रहा है।
बाइल्ड अखबार के अनुसार पौलस जिले में एक यहूदी प्रार्थनास्थल के सामने गोलीबारी की घटना घटी। एक यहूदी प्रार्थनाघर पर हथगोला भी फेंका गया।
चांसलर एंजिला मर्केल के प्रवक्ता स्टीफन सीबर्ट ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाले से यह भयावह खबर आई है और मुझे उम्मीद है कि पुलिस हमलावर या हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ लेगी ताकि कोई अन्य व्यक्ति खतरे में नहीं पड़े।’’


Download Android App
Download iOS App



