अफगानिस्तान में शनिवार को दो आतंकी हमलें, 14 सुरक्षाकर्मियों की मौत

Summary :

अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत और राजधानी काबुल में शनिवार को दो अलग-अलग आतंकवादी हमलों में 14 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई

पूरी दुनिया इस वक्त वैश्विक महामारी के भारी संकट से गुजर रही है और इस वायरस से अब तक लाखों लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ आतंकी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। कई देशों से आतंकी हमलों की खबरें आ रही है। इस बीच, शनिवार को अफगानिस्तान में एक बाद एक दो आतंकी हमलें हुए।
अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत और राजधानी काबुल में शनिवार को दो अलग-अलग आतंकवादी हमलों में 14 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बदख्शां में सड़क किनारे हुए बम धमाके में 11 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई।
बदख्शां प्रांत के पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता सनाउल्ला रूहानी ने कहा कि मृतकों में एक स्थानीय कमांडर भी शामिल हैं। इसके बाद हुयी मुठभेड़ के दौरान चार आतंकवादी भी मारे गए। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक अरियान ने कहा कि काबुल के गुल दारा जिले में भी करीब एक घंटा मुठभेड़ चली। आतंकवादियों ने पुलिस चौकी को निशाना बनाया था जिसमें तीन अधिकारियों की मौत हो गई। इसके बाद मुठभेड़ हुई।
बता दें, इससे पहले भी मई माह की 13 तारीक को भी अफगानिस्तान में आतंकी हमला हुआ था। राजधानी काबुल के एक अस्पताल समेत नांगरहार प्रांत में  आतंकियों ने अपनी साजिश को अंजाम दिया था। इस हमले करीब 38 लोगों की मौत हो गई थी।

Desk Team