अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को कहा कि ‘चुनाव बीत गया’ और अब पक्षपात एवं एक-दूसरे को घटिया बताने की बातों को दरकिनार करने का वक्त है। ट्विटर पर बाइडन का बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले निवर्तमान (रिपब्लिकन) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई सप्ताह की खींचतान के बाद आखिरकार राष्ट्रपति पद के हस्तांतरण की प्रक्रिया के लिए राजी हो गए।
इस बीच, राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो. बाइडन और उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस को पेनसिल्वेनिया में विजेता घोषित किया गया है। सत्ता हस्तांतरण का कामकाज देखने वाली संघीय एजेंसी ‘जनरल सर्विसेज एडमिनिस्ट्रेशन’ (जीएसएस) ने कहा कि अब वह डेमोक्रेट बाइडन को तीन नवंबर के चुनाव का ‘स्पष्ट विजेता’ मानती है।
बाइडन (78) ने ट्वीट किया, ‘‘ चुनाव बीत गया। अब पक्षपात एवं एक दूसरे को घटिया बताने की बातों को दरकिनार करने का वक्त है। हमें साथ आना होगा।’’ उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया था, ‘‘ मेरा ऐसा राष्ट्रपति बनने का संकल्प है जो बांटने का नहीं बल्कि एकजुट रखना चाहता है। जो लाल या नीले प्रांत नहीं, बल्कि अमेरिका को देखता है।’’ इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप (74) बिना सबूत के मतदान में धोखाधड़ी का आरोप अब भी लगा रहे हैं। हालांकि सोमवार को उन्होंने कहा कि जीएसएस को जो करना चाहिए, वह जरूर करे।


Download Android App
Download iOS App



