भारत-चीन के बीच सीमा विवाद पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने की मध्यस्थता की पेशकश

Summary :

चीन ने कहा कि भारत के साथ सीमा पर हालात “पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण-योग्य हैं” तथा दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर मध्यस्थता की पेशकश की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट कर यह बात कही है। दरअसल, लद्दाख और सिक्किम में भारत और चीन की सेनाओं ने अपनी उपस्थिति काफी हद तक बढ़ा दी है।
राष्ट्पति ट्वीट ने ट्वीट कर लिखा, हमने भारत और चीन दोनों को सूचित किया है अगर वो चाहें तो सीमा विवाद में अमेरिका मध्यस्थता करने को तैयार है। 


वहीं इससे पहले चीन ने कहा कि भारत के साथ सीमा पर हालात ‘‘पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण-योग्य हैं’’ तथा दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत और चीन की सेनाओं के बीच चल रहे गतिरोध की पृष्ठभूमि में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ये टिप्पणियां कीं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजिआन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीमा से संबंधित मुद्दों पर चीन का रुख स्पष्ट और सुसंगत है। उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति और दोनों देशों के बीच हुए समझौते का सख्ती से पालन करते रहे हैं।’’ 
भारत और चीन के बीच लद्दाख सीमा के पास जारी तनाव पर कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के भारत को कोई आंख नहीं दिखा सकता है। इस मुद्दे पर भारतीय सेना के शीर्ष कमांडरों ने बुधवार को विचार-विमर्श शुरू किया। 

Desk Team