विदेशी छात्रों के लिए अमेरिकी वीजा प्रक्रिया शुरू, सोशल मीडिया जांच जरूरी

Summary :

विदेशी छात्रों के लिए अमेरिकी वीजा प्रक्रिया में सोशल मीडिया जांच अनिवार्य

अमेरिकी विदेश विभाग ने विदेशी छात्रों के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें सोशल मीडिया की सार्वजनिक जांच अनिवार्य होगी। नए दिशा-निर्देशों के तहत एफ, एम और जे वीजा आवेदकों की ऑनलाइन उपस्थिति की व्यापक समीक्षा की जाएगी। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले आवेदकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि वह विदेशी छात्रों के लिए वीजा आवेदन की प्रक्रिया फिर से शुरू करेगा। इसी के साथ विभाग ने शर्त रखी है कि आवेदकों को सरकारी समीक्षा के लिए अपने ‘सोशल मीडिया अकाउंट्स’ सार्वजनिक करने होंगे। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को बयान में कहा, “नए दिशा-निर्देशों के तहत, हम एफ, एम और जे गैर-प्रवासी वर्गों में आने वाले सभी छात्र और एक्सचेंज विजिटर आवेदकों की व्यापक और गहन जांच करेंगे, जिसमें उनकी ऑनलाइन उपस्थिति (सोशल मीडिया गतिविधियां) भी शामिल होगी। इस जांच को सुविधाजनक बनाने के लिए, एफ, एम और जे गैर-अप्रवासी वीजा के सभी आवेदकों को अपने सभी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर प्राइवेसी सेटिंग को ‘सार्वजनिक’ करने का निर्देश दिया जाएगा।”विदेश विभाग के अनुसार, अमेरिका और उसके नागरिकों की सुरक्षा करना उसकी प्रतिबद्धता है, जिसे वीजा प्रक्रिया के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखते हुए सुनिश्चित किया गया है। विभाग ने यह भी कहा कि अमेरिकी वीजा ‘विशेषाधिकार है, अधिकार नहीं।’

अमेरिकी विदेश विभाग के बयान में कहा गया है, “हम अपने वीजा स्क्रीनिंग और जांच में सभी उपलब्ध जानकारी का इस्तेमाल उन वीजा आवेदकों की पहचान के लिए करते हैं, जो संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश के लिए अयोग्य हैं। इनमें वह भी शामिल हैं, जो अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करते हैं।”अमेरिकी विदेश विभाग ने जोर देकर कहा कि वीजा को लेकर हर एक फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा निर्णय है। बयान में यह भी जोड़ा गया, “संयुक्त राज्य अमेरिका को वीजा जारी करने की प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अमेरिका में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले व्यक्तियों का इरादा अमेरिकियों और राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाना न हो। सभी आवेदक उस वीजा के लिए अपनी पात्रता सिद्ध करें, जिसमें यह भी शामिल है कि उनका इरादा प्रवेश की शर्तों के अनुरूप गतिविधियों में शामिल होने का है।” पिछले महीने, अमेरिका ने संकेत दिया था कि स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू पर लगी रोक ‘जल्द से जल्द’ खत्म हो सकती है। इसके साथ ही आवेदकों को वीजा आवेदन प्रक्रिया जारी रखने के साथ-साथ नियमित सेवाओं की बहाली की जानकारी के लिए बार-बार जांच करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दुनियाभर में स्थित अमेरिकी मिशनों को स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू पर रोक लगाने का आदेश दिया था, ताकि आवेदकों की सोशल मीडिया गतिविधियों की विस्तृत जांच को प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।

ट्रंप प्रशासन ने इजरायल-गाजा संघर्ष के खिलाफ कैंपस में फैली राजनीतिक अशांति के मद्देनजर अमेरिकी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विदेशी छात्रों की जांच का दायरा बढ़ा दिया है। प्रशासन ने यहूदी छात्रों और विदेशी छात्रों को उनमें हिस्सा लेने से रोकने और उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम न उठाने के लिए कॉलेज अधिकारियों पर निशाना साधा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.