व्हाइट हाउस ने मंगलवार को कहा कि उज्बेकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जो संदेश दिया वह उस “सिद्धांत पर आधारित बयान” है, जिसे वह सही और उचित मानते हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिका इसका स्वागत करता है।
पिछले हफ्ते संपन्न शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के इतर उज्बेकिस्तान के शहर समरकंद में पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से कहा था, “आज का दौर युद्ध का दौर नहीं है और मैं फोन पर आपसे इस पर बात कर चुका हूं।”
इस पर पुतिन ने मोदी से कहा था कि वह यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत हैं और रूस इसे जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
मोदी की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वह उस “सिद्धांत पर आधारित एक बयान है जिसे वह (मोदी) सही व उचित मानते हैं तथा अमेरिका इसका स्वागत करता है।”
सुलिवन ने कहा कि भारतीय नेता की यह टिप्पणी सराहनीय है, जिससे रूस को यह संदेश दिया गया है कि अब युद्ध समाप्त होने का समय आ गया है।


Download Android App
Download iOS App



